दतिया बदलाव के लिए तैयार : जीतू पटवारी

दतिया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज दतिया विधानसभा उपचुनाव के तहत ग्राम बड़ोनी, बसई एवं उदगंमा में आयोजित महत्वपूर्ण कार्यकर्ता बैठकों एवं संवाद कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह, उपचुनाव प्रभारी सिद्धार्थ कुशवाह एवं लाखन सिंह यादव, कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ग्राम बड़ोनी में आयोजित कांग्रेसजन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि दतिया का उपचुनाव केवल एक सीट का चुनाव नहीं, बल्कि जनता के सम्मान, विकास और जनहित की राजनीति को मजबूत करने का चुनाव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक सिपाही घर-घर जाकर जनता से संपर्क करे, कांग्रेस की नीतियों और जनसरोकारों को लोगों तक पहुंचाए तथा कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह को प्रचंड मतों से विजयी बनाने के लिए पूरी ताकत से जुट जाए।

ग्राम बसई एवं उदगंमा में आयोजित कार्यकर्ता बैठकों में पटवारी ने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं का उत्साह, जनता का विश्वास और संगठन की एकजुटता स्पष्ट संकेत दे रही है कि दतिया बदलाव के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ चुनाव मैदान में उतर चुका है और ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित करने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहा है।

इस अवसर पर कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक मजबूत संगठन के साथ जनसंपर्क अभियान तेज करने का आह्वान किया। वरिष्ठ नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कांग्रेस की विचारधारा और जनहित के संकल्प को प्रत्येक मतदाता तक पहुंचाने का संदेश दिया।

बैठकों में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने का संकल्प दोहराया।

Next Post

नौ प्रमुख उद्योगों के लिए 2022-23 के आधार पर संशोधित उत्पादन सूचकांक 20 जुलाई को होगा जारी

Fri Jul 17 , 2026
नयी दिल्ली, 17 जुलाई (वार्ता) आर्थिक सलाहकार कार्यालय (ओईए), उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) का आर्थिक सलाहकार कार्यालय विभाग (ओईए) सोमवार को प्रमुख उद्योगों के लिए नयी संशोधित उत्पादन सूचकांक श्रृंखला (आईसीआई) जारी करने जा रहा है जिसके लिए नया आधार वर्ष 2022-23 रखा गया है। इस श्रृंखला […]

You May Like