नौ प्रमुख उद्योगों के लिए 2022-23 के आधार पर संशोधित उत्पादन सूचकांक 20 जुलाई को होगा जारी

नयी दिल्ली, 17 जुलाई (वार्ता) आर्थिक सलाहकार कार्यालय (ओईए), उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) का आर्थिक सलाहकार कार्यालय विभाग (ओईए) सोमवार को प्रमुख उद्योगों के लिए नयी संशोधित उत्पादन सूचकांक श्रृंखला (आईसीआई) जारी करने जा रहा है जिसके लिए नया आधार वर्ष 2022-23 रखा गया है।

इस श्रृंखला में अब लौह अयस्क उद्योग सहित कुल नौ प्रमुख उद्योगों के उत्पादन के आंकड़े शामिल किये गये है। वर्तमान प्रमुख उद्योग उत्पादन सूचकांक (आईसीआई) श्रृंखला का तुलनात्मक आधार वर्ष 2011-12 है और इसमें आठ उद्योग शामिल हैं।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार आईसीआई का संकलन मासिक आधार पर किया जाता है। सोमवार को जारी संशोधित श्रृंखला में इस वर्ष जून के लिए अनंतिम सूचकांक के साथ-साथ अप्रैल 2023 से मई 2026 (38 महीने) तक की पिछली अवधि का डेटा भी शामिल होगा।

औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईसीआई) (2022-23) श्रृंखला के भारांक सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई) द्वारा जारी औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) 2022-23 श्रृंखला के भारांकों से लिए गए हैं। आईआईपी से लिए गए आईसीआई मदों आइटमों के भारों को आनुपातिक आधार पर पुनर्वितरित करके कुल 100 किया गया है, ताकि आईसीआई श्रृखंला मद के भारों को अंतिम रूप दिया जा सके।

संशोधित आईसीआई में लौह अयस्क के व्यापक उपयोग और औद्योगिक विकास में इसके महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए इसको प्रमुख उद्योग के रूप में शामिल किया गया है। इससे प्रमुख उद्योगों की संख्या अब आठ से बढ़कर नौ हो गई है।

मंत्रालय ने कहा है कि आईआईपी के साथ एकरूपता सुनिश्चित करने के लिए, संशोधित आईसीआई श्रृंखला इस्पात सूचकांक को संकलित करने के लिए सकल उत्पादन डेटा का उपयोग कर रही है। आईसीआई (2011-12) श्रृंखला में इसके लिए शुद्ध उत्पादन के आंकड़े शामिल किये जाते रहे हैं।

कोयला क्षेत्र में संशोधित आईसीआई श्रृंखला में केवल कच्चे कोयले को ही शामिल किया गया है। परिशोधन के बाद बचा हुआ मध्यम श्रेणी का कोयला और धुला हुआ कोयला, दोनों ही कच्चे कोयले से प्राप्त होते हैं, इसलिए दोहरी गणना को समाप्त करने के लिए इन्हें शामिल नहीं किया गया है।

Next Post

ट्रंप प्रशासन ने विदेशी छात्रों के लिए वीज़ा नियम किए सख्त

Fri Jul 17 , 2026
वाशिंगटन, 17 जुलाई (वार्ता) अमेरिका में ट्रंप प्रशासन ने विदेशी छात्रों के लिए वीज़ा नियम को ज्यादा सख्त बनाने की योजनाओं के संबंध में अंतिम सूचना जारी की है। इन नियमों के अंतर्गत विदेशी छात्रों को संघीय सरकार की अनुमति के बिना चार साल से ज़्यादा समय तक अमेरिका में […]

You May Like