उमरिया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पर्यटन क्षेत्र में जिप्सी वाहन क्रमांक 091 के निर्धारित पर्यटन मार्ग से हटकर बाघ का दीदार कराने पहुंचने का मामला सामने आया है। मामला पनपथा बफर जोन का बताया जा रहा है, जहां सायंकाल सफारी के दौरान सघन वनक्षेत्र से सहायक संचालक जितेंद्र आवासे ने उक्त वाहन को पकड़ा, जिसका मालिक ताला निवासी विजय साहू बताया जा रहा है। मामले में वाहन चालक सुयस केशरी, गाइड निखिल सिंह को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। सूत्रों के अनुसार भोपाल में पदस्थ रहे एक पूर्व प्रमुख सचिव के रिश्तेदार 9 नवम्बर को शाम की सफारी करने बीटीआर पहुंचे थे, जिन्हें बाघ का दीदार कराने के लिए नियम दरकिनार कर दिए गए।
इस घटना के बाद
बाघों की साइटिंग को लेकर मोबाइल फोन के कथित इस्तेमाल, कुछ मनचाहे गाइडों के प्रभाव और पर्यटन नियमों की अनदेखी के आरोपों ने पार्क प्रबंधन की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्मरण रहे कि यह आरोप लगातार उठाये जाते रहे हैं कि मोबाइल फोन के माध्यम से बाघों की लोकेशन और गतिविधियों की जानकारी साझा की जाती है। कोर्ट और एनटीसीए की गाइडलाइन के मुताबिक कोर क्षेत्र में मोबाइल फोन के उपयोग पर प्रतिबंध है।
