भिवानी, 10 नवंबर (वार्ता) हरियाणा के भिवानी में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची में अपना नाम शामिल नहीं करा पाने वाले मतदाताओं को चुनाव आयोग ने राहत देते हुए 20 नवंबर तक मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करने का मौका दिया है।
इस संबंध में मुख्य चुनाव अधिकारी ए श्रीनिवासन की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। भिवानी के लघु सचिवालय स्थित वीसी कक्ष से एसडीएम महेश कुमार और चुनाव विभाग के अन्य अधिकारियों ने इस बैठक में हिस्सा लिया, जिसमें मुख्य चुनाव अधिकारी ने प्रदेश भर के अधिकारियों को आवश्यक और कड़े दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम महेश कुमार ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जिन मतदाताओं को गणना प्रपत्र जारी किए गए थे, लेकिन निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रपत्र जमा न होने के कारण जिनके नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके हैं, उन्हें अब दोबारा आवेदन करने का मौका मिल रहा है। इस विशेष सुविधा से अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट श्रेणी में चिह्नित मतदाताओं को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग के छह नवंबर के नवीनतम निर्देशों के अनुसार, ऐसे सभी छूटे हुए मतदाताओं की बूथवार सूची संबंधित मतदान केंद्रों के नोटिस बोर्ड, पंचायत भवनों, शहरी स्थानीय निकाय कार्यालयों और खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) कार्यालयों में प्रदर्शित की जाएगी।
इसके अलावा, यह सूची मुख्य चुनाव अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर पीडीएफ प्रारूप में भी उपलब्ध रहेगी।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि संबंधित मतदाता अपने वर्तमान निवास क्षेत्र के चुनाव पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) या सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) के पास अपने गणना प्रपत्र जमा करवा सकते हैं। इसके साथ ही, बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) भी घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क साधेंगे। मतदाता पुराने एपिक नंबर के जरिए ‘ईसीआईएनईटी’ ऐप या चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से प्रपत्र डाउनलोड कके ऑनलाइन माध्यम से भी इसे जमा कर सकते हैं।
