भोपाल: राजधानी भोपाल में जिला प्रशासन और नगर निगम ने अतिक्रमण तथा अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। गोविंदपुरा तहसील के छोला रोड स्थित प्रेम नगर फेज-2 में बिना टीएनसीपी और रेरा की अनुमति विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चलाकर निर्माण ध्वस्त किया गया। प्रशासन ने कहा कि अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इसके अलावा शहर के प्रमुख बाजार न्यूमार्केट में भी नगर निगम के अतिक्रमण अमले ने सुबह से अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान फुटपाथ, दुकानों के सामने और सबवे में रखे गए अतिक्रमण को हटाया गया। कई दुकानदार अपना सामान हटाने में सफल रहे, जबकि बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया गया। नगर निगम की टीम ने करीब दो ट्रक सामान जब्त किया।
प्रशासन का कहना है कि रक्षाबंधन के दौरान न्यूमार्केट में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में बाजार को अतिक्रमण मुक्त बनाकर आम लोगों, विशेषकर महिलाओं, के लिए सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित करना इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य है। एडीएम सुमित कुमार पांडे ने कहा कि शहर के सुनियोजित विकास में बाधा बनने वाले अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।
