भोपाल:राजधानी में भगवान जगन्नाथ की शोभायात्रा गुरुवार को कमला पार्क स्थित जगदीश मंदिर से श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के बीच आरंभ हुई यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के सुसज्जित रथ के साथ निकली शोभायात्रा में भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों और जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान की पूजा-अर्चना कर पुष्पवर्षा की तथा प्रसाद का वितरण किया। शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए प्रशासन की ओर से भी आवश्यक इंतजाम किए गए। यात्रा में सभी आयु वर्ग के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और भगवान जगन्नाथ से प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
