एडिनबर्ग, 16 जुलाई (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने एडिनबर्ग में हुई अपनी सालाना बैठक में मॉरीशस को 111वां सदस्य देश बनाने की मंजूरी दी। इसके अलावा आईसीसी ने क्रिकेट वेस्टइंडीज को 1.282 करोड़ अमेरिकी डॉलर के कर्ज की स्वीकृति और निलंबित कनाडा क्रिकेट बोर्ड की बहाली के शर्तों को भी इस बैठक में तय किया। फ्रांस क्रिकेट को भी “नोटिस पर” रखा गया है। बोर्ड ने पाया कि उन्होंने आईसीसी की सदस्यता से जुड़े मानदंडों का उल्लंघन किया है। हालांकि, फिलहाल उनके खिलाफ कोई अतिरिक्त कार्रवाई नहीं की गई है।
इस दौरान बोर्ड ने यह भी कहा कि श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने संशोधित संविधान की दिशा में प्रगति की है। आईसीसी ने दोहराया कि एसएलसी में चुनाव जल्द से जल्द कराए जाने चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया गया कि अगले आदेश तक एसएलसी के प्रतिनिधि, आईसीसी बोर्ड की बैठकों में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। जून में हुई आईसीसी की तिमाही बैठक में भी एसएलसी के किसी प्रतिनिधि को नहीं बुलाया गया था।
मई में एसएलसी में बड़े प्रशासनिक बदलाव किए गए थे, जिनमें निर्वाचित बोर्ड को हटाकर श्रीलंका सरकार ने एक ट्रांसफ़ॉर्मेशन कमेटी बनाई थी, जिसका उद्देश्य देश के क्रिकेट ढांचे में सुधार करना है।
क्रिकेट कनाडा को जून में “सदस्यता संबंधी गंभीर दायित्वों के उल्लंघन” के कारण आईसीसी ने निलंबित कर दिया था। यह निलंबन जारी रहेगा। क्रिकेट कनाडा ने कहा था कि उन्होंने बहाली की प्रक्रिया तेज करने के लिए एक “व्यापक” कार्ययोजना तैयार कर आईसीसी को सौंपी है। आईसीसी बोर्ड ने उन शर्तों को मंजूरी दी है, जिन्हें पूरा करने के बाद ही उनका निलंबन हटाया जा सकेगा।

