मॉस्को, 16 जुलाई (वार्ता) रूस की सेना ने बुधवार रात यूक्रेन की राजधानी कीव में ड्रोन निर्माण एवं भंडारण से जुड़े रक्षा उद्योग प्रतिष्ठानों तथा ओडेसा और युजनी बंदरगाहों के सैन्य बुनियादी ढांचे पर सटीक हमले किये। रूस के रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को यह दावा किया। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि रूसी सशस्त्र बलों ने रात लंबी दूरी के उच्च परिशुद्धता वाले भूमि एवं वायु आधारित हथियारों तथा मानव रहित विमानों (यूएवी) से एक साथ हमले किये। बयान के अनुसार, इन हमलों में कीव स्थित यूक्रेन के रक्षा उद्योग से जुड़े उन प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया, जहां लंबी और मध्यम दूरी के ड्रोन का निर्माण तथा भंडारण किया जाता था।
मंत्रालय ने दावा किया कि ओडेसा और युजनी बंदरगाहों के उन बुनियादी ढांचा प्रतिष्ठानों पर भी हमला किया गया, जिनका उपयोग यूक्रेनी सेना के लिए सैन्य सामग्री तथा ईंधन के भंडारण और आपूर्ति में किया जा रहा था। रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, कीव में किये गये एक अन्य हमले में लॉजिस्टिक्स कंपनी रैपिड के उस परिसर को निशाना बनाया गया, जहां यूक्रेनी ड्रोन तैयार और संग्रहीत किए जाते थे। इसके अलावा उस गोदाम पर भी हमला किया गया, जहां ‘लियुती’ और ‘लेलेका-100’ ड्रोन का संयोजन किया जाता था।
मंत्रालय ने दावा किया कि ओडेसा बंदरगाह पर हमले में बंदरगाह अवसंरचना से जुड़े पांच ईंधन भंडारण टैंक तथा यूक्रेनी सेना के लिए रखे गए पांच ईंधन एवं स्नेहक (फ्यूल एंड लुब्रिकेंट्स) टैंक नष्ट कर दिये गये। यह भी दावा किया गया कि चेर्नोमोर्स्क बंदरगाह की ओर यूक्रेनी सेना के लिए सैन्य सामग्री लेकर जा रहे एक मालवाहक जहाज को भी निशाना बनाया गया। इसके अलावा जमेइनी द्वीप के निकट यूक्रेन के विशेष अभियान बलों की एक तेज गति वाली नौका भी रूसी हमले में नष्ट कर दी गयी।

