
लखनऊ में पत्नी और बहन की हत्या के बाद बैंक अफसर मानस बाजपेयी की खुदकुशी के मामले में नया खुलासा हुआ है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि सीतापुर के एक अधिवक्ता ने मानस को असलहे उपलब्ध कराए थे। बैंक के काम के सिलसिले में दोनों की मुलाकात हुई थी और बाद में उनकी दोस्ती हो गई थी। पुलिस अब अधिवक्ता से पूछताछ की तैयारी कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, मानस के कानूनी मामले भी यही अधिवक्ता देख रहा था। जांच के दौरान जानकीपुरम स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में मानस के सहयोगियों से पूछताछ में अधिवक्ता और मानस के संबंधों की जानकारी मिली। घटना के बाद से अधिवक्ता के भूमिगत होने की बात सामने आई है। पुलिस ने उसकी कॉल डिटेल निकलवाकर मानस से आखिरी मुलाकात और बातचीत की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि अधिवक्ता ने मानस को खुद असलहे उपलब्ध कराए थे या किसी अन्य व्यक्ति से उसकी मुलाकात कराई थी। यह भी जांच का विषय है कि वारदात से कितने समय पहले मानस को हथियार मिले थे और इसके लिए कितनी रकम दी गई थी।मामा ने बताया- मानस बहुत डरपोक था
मानस के मामा अवधेश शुक्ला ने कहा कि मानस बहुत डरपोक स्वभाव का था और रात में अकेले घर से निकलने में भी हिचकिचाता था। उन्होंने बताया कि परिवार के पास कोई असलहा नहीं था। ऐसे में मानस के पास तीन हथियार कहां से आए, यह रिश्तेदारों के लिए भी बड़ा सवाल है। लॉक आईफोन से खुल सकते हैं कई राज
पुलिस ने मानस का आईफोन बरामद किया है, लेकिन फोन लॉक होने के कारण अभी उसका डेटा नहीं खंगाला जा सका है। पुलिस उसके दोस्तों और रिश्तेदारों से पासवर्ड हासिल करने की कोशिश कर रही है। कॉल डिटेल और फोन की लोकेशन के आधार पर पुलिस घटना से पहले मानस के संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटा रही हक्या है पूरा मामला? मानस बाजपेयी ने वर्ष 2017 में दिव्या मिश्रा से प्रेम विवाह किया था। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और जनवरी से तलाक का केस भी चल रहा था। मानस की बहन तूलिका उसके साथ रहती थी और उसका इलाज चल रहा था।
गुरुवार को मानस ने गोमतीनगर में आईसीआईसीआई बैंक के बाहर अपनी पत्नी दिव्या की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद वह घर पहुंचा और बहन तूलिका की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुद को भी गोली मार ली। तीनों घटनाएं करीब 30 मिनट के भीतर हुईं। पुलिस को मानस के घर से दो पिस्तौल और एक तमंचा मिला था। पत्नी की हत्या के बाद मानस ने व्हाट्सऐप पर स्टेटस भी लगाया था, जिसमें उसने पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाया और खुद व अपनी बहन को मारने की बात लिखी थी। अब पुलिस हथियारों के स्रोत और अधिवक्ता की भूमिका की जांच कर रही है।
