भोपाल को मिलने जा रही नई धार्मिक पहचान, 100 करोड़ से बनेगा भव्य खेड़ापति हनुमान लोक कॉरिडोर

भोपाल। छोला स्थित प्राचीन श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर का स्वरूप जल्द ही पूरी तरह बदलने वाला है। करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से 21 एकड़ क्षेत्र में भव्य ‘हनुमान लोक कॉरिडोर’ विकसित किया जा रहा है। बुधवार को मंत्री विश्वास सारंग ने निर्माण कार्य का निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता और तय समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।

मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि कॉरिडोर का निर्माण राजस्थान के व्हाइट मार्बल और प्राचीन नागर शैली की वास्तुकला के अनुसार किया जा रहा है। साथ ही मंदिर के पुराने गर्भगृह और उसकी धार्मिक पहचान को पूरी तरह सुरक्षित रखा जाएगा। परियोजना का उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक दर्शन व्यवस्था उपलब्ध कराना है।

हनुमान लोक कॉरिडोर में भव्य प्रवेश द्वार, सुंदरकांड थीम पर आधारित कॉरिडोर, आधुनिक पार्किंग, चौड़ी सड़कें, दर्शक दीर्घा और श्रद्धालुओं के लिए कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही दशहरा मैदान के स्वरूप को बनाए रखते हुए वहां भी सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की जाएंगी।

मंत्री सारंग ने कहा कि यह परियोजना केवल मंदिर का विस्तार नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और आधुनिक विकास का संगम है। इसके पूरा होने के बाद खेड़ापति हनुमान लोक भोपाल की नई धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान बनेगा तथा धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।

Next Post

शेयर बाजारों में लौटी तेजी, सेंसेक्स 130 अंक चढ़ा

Wed Jul 15 , 2026
मुंबई, 15 जुलाई (वार्ता) बैंकिंग और वित्तीय कंपनियों में तेजी से घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को तेजी लौट आयी और बीएसई का सेंसेक्स 130.49 अंक (0.17 प्रतिशत) चढ़कर 77,185.43 अंक पर पहुंच गया। पिछले कारोबारी दिवस की गिरावट से उबरते हुए नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 26.45 अंक […]

You May Like