रीवा:प्रति मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई में रीवा संभाग कमिश्नर शीलेंद्र सिंह आवेदनकर्ताओं की विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करते हैं. कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित जनसुनवाई में विभिन्न आवेदनकर्ताओं ने विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन कमिश्नर के समक्ष प्रस्तुत कियेए जिनका कमिश्नर ने यथासंभव निराकरण किया. जनसुनवाई में पहुंचे हरिनारायण त्रिपाठी ने एनएच-27 स्थित ढाबे के सामने यूकेलिप्टस के चार पेड़ काटे जाने से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया.
उन्होंने बताया कि घर के सामने जर्जर स्थिति में यूकेलिप्टस के पेड़ हैं जो कभी भी गिर सकते हैं और घर को नुकसान पहुंचा सकते हैं. कमिश्नर ने मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग को उक्त समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए. ग्राम छिउला तहसील मनगंवा के विश्वनाथ तिवारी ने ग्राम कंदैला में अवरूद्ध आम रास्ता खुलवाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया. कमिश्नर ने उक्त प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण की संतोषजनक समीक्षा व निराकरण के लिए उस प्रकरण को कलेक्टर की टीएल में मार्क किया.
जनसुनवाई में कार्यपालन यंत्री पुरवा नहर संभाग दो बाणसागर सतना से सेवानिवृत्त सहायक वर्ग तीन जंग बहादुर ने अपने प्रस्तुत आवेदन में बताया कि उन्हें सेवानिवृत्त हुए 4 माह हो चुके हैं लेकिन अभी भी उन्हें पीपीओ जारी नहीं हुआ है. कमिश्नर ने मुख्य अभियंता जल संसाधन विभाग को निर्देश दिए की आवेदनकर्ता के पीपीओ को शीघ्र ही जारी करें. ग्राम बम्हना तहसील जवा की सबाकली ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि कलेक्टर के आदेश के बावजूद भू माफिया द्वारा 15 एकड़ के तालाब को जबरदस्ती कैप्चर करते हुए वहां जुताई और बुवाई की जा रही है. उन्होंने तत्काल जुताई और बुवाई रोकने की मांग की. कमिश्नर ने तहसीलदार जवा को प्रकरण की संपूर्ण जांच कर समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए.
