
सिंगरौली । प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समिति चुड़ीपाठ, डोंगरी, सरईझर, हटका, तियरा, पड़री खुटाटोला, छतौली, जीर, माड़ा, बिंदुल एवं लंघाडोल के तेंदूपत्ता श्रमिको का पारिश्रमिक भुगतान एक्सिस बैंक शाखा बैढ़न नही कर रहा है। जबकि 40 दिन पूर्व नोडल अधिकारी/समिति प्रबंधक के द्वारा बैंक में करोड़ों रूपये जमा किया जा चुका है।
आज तेंदूपत्ता संग्राहक उग्रसेन सिंह, कमलेश तिवारी, शिवदयाल शाह, रामकया शाह, राजाराम, संतोष कुमार, जयपतराम समेत अन्य संग्राहक कलेक्टर के यहां पहुंच एक्सिस बैंक शाखा बैढ़न के प्रबंधक पर गंभीर आरोप लगाया है। आरोप में बताया गया है कि प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समिति चुड़ीपाठ, डोंगरी, सरईझर, हटका, तियरा, पड़री खुटाटोला, छतौली, जीर, माड़ा, बिंदुल एवं लंघाडोल के नोडल अधिकारी एवं समिति प्रबंधक के द्वारा करीब 43 दिन पूर्व भुगतान के सूची के साथ चेक उक्त बैंक में जमा कर दिया है। किंतु बैंक के प्रबंधक द्वारा भुगतान नही किया जा रहा है। बीते दिन सोमवार को नोडल अधिकारी, समिति प्रबंधक, फड़मुंशी एवं संग्राहक एक साथ एक्सिस बैंक बैढ़न में भुगतान के संबंध में पता करने पहुंचे तो शाखा प्रबंधक ने भुगतान करने से हाथ खड़े करते हुये कहा कि समिति का खाता किसी दूसरे बैंक में खोलवा लिजिए। संग्राहको का भुगतान नही करा पाउंगा । संग्राहको का आरोप है कि यह सब कुछ ब्याज खाने का चक्कर है। 50 करोड़ रूपये से अधिक की रकम है, इसमें नोडल से लेकर समिति प्रबंधक एवं शाखा प्रबंधक की भूमिका संदिग्ध है। यदि शीघ्र भुगतान नही हुआ तो 17 जुलाई को एक्सिस बैंक शाखा बैढ़न का घेराव किया जावेगा। यह भी कहा कि 43 दिन का ब्याज भी बैंक भरपाइ करे।
