भोपाल। मध्यप्रदेश को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस 14 जुलाई को भोपाल के रवीन्द्र भवन से राज्यव्यापी जनजागरूकता अभियान ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ का शुभारंभ करेगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे।
यह अभियान 15 जुलाई से 30 जुलाई तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। अभियान में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, उच्च शिक्षा विभाग तथा स्कूल शिक्षा विभाग सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। पुलिस का लक्ष्य इस पहल को जन-जन से जोड़कर एक व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप देना है।
अभियान के दौरान प्रदेशभर में पुलिस, जिला प्रशासन, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों तथा जनप्रतिनिधियों के सहयोग से रैलियां, संगोष्ठियां, नुक्कड़ नाटक, शपथ ग्रहण कार्यक्रम, स्कूल-कॉलेजों में संवाद, जनसभाएं, पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिताएं तथा सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अभियान का प्रमुख फोकस युवाओं और विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा उन्हें नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है। पुलिस ने प्रदेशवासियों से इस जनअभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए संदेश दिया है “हमारा संदेश स्पष्ट है, नशामुक्त हो मध्यप्रदेश।”
