भोपाल। प्रदेशव्यापी ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान के 14 जुलाई से शुरू होने से पहले मध्यप्रदेश पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए पिछले दो दिनों में 1.32 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के नशीले पदार्थ, वाहन और अन्य संपत्तियां जब्त की हैं। पुलिस ने कई जिलों में कार्रवाई करते हुए तस्करों के नेटवर्क पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
सबसे बड़ी कार्रवाई नीमच जिले में हुई, जहां सिंगोली थाना पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 450.8 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 72.64 लाख रुपये से अधिक है। इस मामले में राजस्थान निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया। वहीं नीमच सिटी पुलिस ने एक निजी बस से 105 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया।
रतलाम में पुलिस ने 200 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया, जबकि एक अन्य मामले में एक लाख रुपये से अधिक मूल्य का एमडीएमए जब्त किया गया। इंदौर पुलिस ने 47.78 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा मंदसौर और कटनी में भी मादक पदार्थों की बरामदगी की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अवैध मादक पदार्थों की आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है। राज्यव्यापी जनजागरूकता अभियान के साथ-साथ नशा तस्करी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई भी लगातार जारी रहेगी।
