इंदौर: गौतमपुरा थाना क्षेत्र के बछोड़ा रोड पर 40 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. हमलावरों ने उसके सिर पर पत्थर और लोहे के एंगल से ताबड़तोड़ वार किए. सुबह खेत में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.मृतक की पहचान बाबूलाल राठौर निवासी धोबी मोहल्ला, गौतमपुरा के रूप में हुई है. परिजनों ने पुलिस को बताय कि बाबूलाल शाम घर से निकला था, लेकिन रातभर वापस नहीं लौटा.
काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला. सुबह ग्रामीणों ने खेत में शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी. घटनास्थल से पुलिस को खून से सना पत्थर, लोहे का एंगल, शराब की बोतल, बीड़ी और माचिस मिली है. प्रारंभिक जांच में आशंका है कि शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद हत्या की गई. पुलिस को यह भी पता चला है कि बाबूलाल को शनिवार रात कुछ लोगों के साथ शराब दुकान पर देखा गया था, लेकिन वहां लगे सीसीटीवी कैमरे बंद होने से जांच में बाधा आई है.
मृतक के साथ आखिरी बार देखे गए लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं. आपसी रंजिश, लेन देन और अन्य सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा.
गौतमपुरा थाना प्रभारी, अलका मेनिया
