मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्ति दिलाएगा विहिप का थिंक टैंक

*बजरंग दल की दो दिवसीय राष्ट्रीय बैठक शुरू*

ग्वालियर। देश में आज भी हिंदू समाज के साथ पक्षपातपूर्ण व्यवहार किया जा रहा है। एक तरफ चर्च और मस्जिद सरकारी नियंत्रण से मुक्त हैं, वहीं देश में 4 लाख से अधिक मंदिर सरकारी नियंत्रण में हैं। इन मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्ति दिलाने के लिए विश्व हिंदू परिषद ने एक थिंक टैंक बनाया है। जिसमें हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त चीफ जस्टिस, सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता, आध्यात्मिक संगठन, अधिवक्ता परिषद और विहिप के प्रतिनिधि शामिल हैं। जिन्होंने मिलकर एक प्रारूप बनाया है जिसके लिए नीति निर्धारक सांसदों के बाद अब पूरे देश में विधायकों से संपर्क किया जा रहा है।

यह बात विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय संगठन मंत्री मिलिंद परांडे ने शनिवार को पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही।

लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान में बजरंग दल की दो दिवसीय बैठक के शुभारंभ के बाद पत्रकार वार्ता में परांडे ने कहा कि मंदिरों के धन का खर्चा हिंदू धर्म के प्रचार और हिंदू समाज की शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा के लिए होना चाहिए। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मंदिरों के संचालन में अनुसूचित जाति जनजाति सहित सभी वर्गों की सहभागिता रहेगी और मंदिर के संचालन के लिए एक मंडल बनाया जाएगा जिसमें किसी भी राजनीतिक दल का सदस्य नहीं होगा। साथ ही इसके लिए एक त्रिस्तरीय व्यवस्था बनाई जाएगी। राज्य, जिला स्तर पर परिषद के बाद मंदिर का प्रत्यक्ष न्यास गठित होगा। उन्होंने बताया कि हमने एक समिति बनाने का भी प्रस्ताव दिया है। जिसमें सभी समाज के प्रमुख लोग, संप्रदाय, साधु, प्रबंधन, अर्थशास्त्री, व्यापारी शामिल रहेंगे। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म में हर जाति को पूजा का अधिकार है। इसलिए हर वर्ग के पुजारी मंदिर में नियुक्त होंगे। इसके लिए विश्व हिंदू परिषद अभी तक 25 हजार से अधिक पुजारियों को प्रशिक्षण दे चुकी है। इनमें 20 प्रतिशत भी ब्राह्मण पुजारी शामिल नहीं हैं। पत्रकारवार्ता में बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक नीरज दौनेरिया, राष्ट्रीय सह संयोजक किशन प्रजापति, विहिप मध्य क्षेत्र के संगठन मंत्री जितेंद्र पवार, क्षेत्रीय संयोजक विश्व वर्धन भट्ट, मध्य भारत प्रांत के प्रांत मंत्री नवल सिंह भदौरिया, प्रांत उपाध्यक्ष पप्पू वर्मा, विभाग मंत्री मुकेश गुप्ता आदि उपस्थित रहे।

*लव जिहाद से हिंदू कन्याओं की रक्षा करेंगे बजरंग दल के कार्यकर्ता*

परांडे ने बताया कि 2023 में संसद में पूछे गए एक प्रश्न में जानकारी दी गई थी कि पूरे देश में 13 लाख से ज्यादा महिलाएं गायब हो गई हैं। इसमें लगभग 3 लाख लड़कियां 18 वर्ष से कम आयु की थीं। दुर्भाग्य से इसमें सर्वाधिक आंकड़ा मध्य प्रदेश का है। इन गायब महिलाओं में बहुत बड़ी संख्या में लव जिहाद का शिकार हुई हैं। इसलिए यह बहुत बड़ी चुनौती है। बजरंग दल लव जिहाद रोकने के लिए सतत कोशिश कर रहा है और आगे भी करता रहेगा। इसके अलावा बजरंग दल युवाओं को नशा से मुक्ति दिलाने के लिए देशभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगा।

Next Post

विद्युत मंडल पेंशनर्स का रजत जयंती समारोह 5

Sat Aug 30 , 2025
ग्वालियर। मध्य प्रदेश विद्युत मंडल पेंशनर्स एसोसिएशन ग्वालियर के सचिव एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष जेपी नामदेव ने बताया कि संस्था स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रजत जयंती समारोह का आयोजन ग्वालियर में माधव डिस्पेंसरी के सामने ,जैन छात्रावास पर 5 सितंबर को प्रात: 10 बजे से किया जाएगा। समारोह […]

You May Like