जबलपुर: सदाबहार फिल्मी गीतों की सुमधुर प्रस्तुतियों ने संगीत प्रेमियों को यादगार शाम का अहसास कराया। सुरों की मिठास और कलाकारों की शानदार प्रस्तुति से सभागार देर तक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा मौका था श्री कामतानाथ स्वामी म्युजिकल ग्रुप द्वारा दत्त मंदिर गोलबाजार में आयोजित संगीत संध्या का ।जिसमें शहर और आसपास के वरिष्ठ एवं नवोदित गायक कलाकारों ने सदाबहार फिल्मी गीतों और गजलों की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया।
संगीत संध्या में कलाकारों ने मोहम्मद रफी, किशोर कुमार, लता मंगेशकर, अलका याज्ञनिक, चित्रा सिंह, जगजीत सिंह, सुरेश वाडकर और उदित नारायण सहित कई दिग्गज गायकों के लोकप्रिय गीत और गजलें प्रस्तुत कीं। हर प्रस्तुति पर श्रोताओं ने तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर पत्रकारिता एवं जनसंचार विषय में रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले संजय पाटकर का शाल, श्रीफल, सम्मान-पत्र देकर अभिनंदन किया गया। सम्मान वरिष्ठ साहित्यकार सुरेश मिश्रा, उमाशंकर मिश्रा, संगीत गुरु शरद वजीरा, रूमा बनर्जी एवं पं. विवेक कुमार त्रिपाठी ने किया।इस दौरान उत्कृष्ट गायन के लिए आनंद साहू को ₹5 हजार एवम उत्कृष्ट संचालन के लिए डॉ. मुकुल तिवारी को ₹11 हजार का सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि वरिष्ठ संगीत गुरु शरद वजीरा एवं सुप्रसिद्ध गायिका रूमा बनर्जी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मुकुल तिवारी ने प्रभावी ढंग से किया, जबकि संयोजन पं. विवेक कुमार त्रिपाठी ने किया।समारोह में साहित्यकारों, शिक्षाविदों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में संगीत प्रेमियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
