जबलपुर: शहर के भवानी प्रसाद वार्ड में सफाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय रहवासियों और व्यापारियों में भारी नाराजगी है। वार्डवासियों का आरोप है कि कई क्षेत्रों में नियमित रूप से झाड़ू नहीं लगाई जाती और जगह-जगह कचरा जमा रहने से पूरे दिन गंदगी का माहौल बना रहता है। बाजार क्षेत्र के व्यापारियों का कहना है कि सफाईकर्मी समय पर नहीं पहुंचते, जिसके कारण उन्हें अपनी दुकानों के सामने स्वयं झाड़ू लगाकर सफाई करनी पड़ती है।
रहवासियों ने बताया कि वार्ड की कई नालियां लंबे समय से ठीक से साफ नहीं हुई हैं। नालियों के जाम रहने से गंदा पानी जमा हो जाता है और बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। लोगों का कहना है कि इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और संक्रमण फैलने की आशंका बनी हुई है।
सार्वजनिक शौचालय की सफाई पर भी सवाल
स्थानीय नागरिकों के अनुसार वार्ड में बने सार्वजनिक शौचालय की निर्माण के बाद से समुचित सफाई नहीं कराई गई। शौचालय के आसपास गंदगी और दुर्गंध के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रहवासियों ने स्वास्थ्य संबंधी खतरे को देखते हुए तत्काल सफाई और नियमित रखरखाव की मांग की है।
सीएम हेल्पलाइन में शिकायत, फिर भी इंतजार
वार्डवासियों का कहना है कि उन्होंने नगर निगम में कई बार शिकायत दर्ज कराई। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन पर भी समस्या बताई गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका। लोगों ने नगर निगम प्रशासन से वार्ड में नियमित सफाई, कचरा उठाने की व्यवस्था मजबूत करने और नालियों की सफाई कराने की मांग की है|
पार्षद का पक्ष
वार्ड पार्षद अयोध्या तिवारी ने बताया कि वार्ड में प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 9 बजे तक सफाई कार्य कराया जाता है। उनके अनुसार कई स्थानों पर सफाई के बाद लोग दोबारा कचरा फैला देते हैं, जिससे व्यवस्था प्रभावित होती है। उन्होंने नागरिकों से भी स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
पार्षद ने बताया कि वार्ड में प्रभावी सफाई व्यवस्था के लिए करीब 75 सफाईकर्मियों की आवश्यकता है, जबकि वर्तमान में नगर निगम की ओर से केवल 32 सफाईकर्मी उपलब्ध हैं। कर्मचारियों की कमी के कारण एक सफाईकर्मी से सामान्य क्षमता से कहीं अधिक क्षेत्र की सफाई कराई जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि सफाईकर्मियों को वर्तमान में करीब 270 रुपये प्रतिदिन मजदूरी मिल रही है, जबकि उनके अनुसार उन्हें लगभग 600 रुपये प्रतिदिन मिलना चाहिए। अधिक कार्यभार और कम पारिश्रमिक का असर भी सफाई व्यवस्था पर पड़ रहा है।
लोगों की मांग
वार्ड में प्रतिदिन नियमित झाड़ू और कचरा उठाने की व्यवस्था हो। जाम नालियों की तत्काल सफाई कराई जाए।
सार्वजनिक शौचालय की नियमित सफाई और रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, सीएम हेल्पलाइन व अन्य शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई की जाए।
स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो बरसात के मौसम में संक्रमण और जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
