हवाना, 12 जुलाई (वार्ता) अमेरिका ने 2021 में क्यूबा में हुए राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शनों की पांचवीं वर्षगांठ पर एक बार फिर क्यूबा की साम्यवादी सरकार की आलोचना करते हुए राजनीतिक कैदियों की रिहाई तथा राजनीतिक एवं आर्थिक सुधार लागू करने की मांग की है।
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि 11 जुलाई 2021 को हजारों क्यूबाई नागरिक बेहतर भविष्य, अधिक स्वतंत्रता और बेहतर जीवन-स्थितियों की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि साम्यवादी शासन ने दशकों के दमन और आर्थिक कुप्रबंधन के बाद शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग किया तथा हजारों लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
श्री रुबियो ने एक बयान में कहा कि बुनियादी अधिकारों, अवसरों और सम्मान की मांग करने वाले सैकड़ों लोग अब भी जेल में हैं और उनकी तत्काल रिहाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन क्यूबा और उसके लोगों के लिए बेहतर भविष्य चाहता है। उनके अनुसार वर्षों के कुप्रबंधन के कारण क्यूबा की अर्थव्यवस्था बदहाल हो गई है, जिससे व्यापक बिजली संकट, आवश्यक वस्तुओं की कमी और लोगों की कठिनाइयां बढ़ी हैं।
श्री रुबियो ने कहा कि अमेरिका खाद्य सामग्री, दवाइयों और अन्य आवश्यक वस्तुओं के रूप में मानवीय सहायता उपलब्ध कराता रहा है। साथ ही, यदि राजनीतिक और आर्थिक सुधार लागू किये जाते हैं तो अमेरिका पुनर्निर्माण में सहयोग और द्विपक्षीय संबंधों में सुधार के लिए भी तैयार है।
उन्होंने आरोप लगाया कि क्यूबा का नेतृत्व सार्थक सुधारों से बच रहा है और आर्थिक पुनरुद्धार के बजाय राजनीतिक नियंत्रण बनाये रखने को प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि क्यूबा सरकार संसाधनों का दुरुपयोग कर रही है तथा अमेरिका के प्रतिद्वंद्वी देशों के साथ सहयोग बढ़ा रही है, जिससे वाशिंगटन की सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ी हैं। श्री रुबियो ने कहा, “अमेरिका क्यूबा के साम्यवादी शासन से उत्पन्न राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी खतरों का सामना करने तथा वहां राजनीतिक और आर्थिक सुधारों को बढ़ावा देने के लिए अपने सभी उपलब्ध साधनों का इस्तेमाल करता रहेगा।”
इस बीच, अमेरिकी विदेश विभाग ने अमेरिका में रह रहे एक क्यूबाई नागरिक के खिलाफ कार्रवाई की घोषणा की है, जिस पर हवाना के लिए विदेशी प्रभाव एजेंट के रूप में काम करने का आरोप है। विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने बताया कि क्यूबा के नागरिक कार्लोस एंटोनियो ल्लोगा डोमिंगेज, उनकी पत्नी और पुत्र को हिरासत में लिया गया है। यह कार्रवाई विदेश मंत्री रुबियो द्वारा उनके कानूनी दर्जे को समाप्त किये जाने के बाद की गई।
अमेरिका के अनुसार डोमिंगेज एक दशक से अधिक समय तक क्यूबन इंस्टीट्यूट ऑफ फ्रेंडशिप विद द पीपुल्स (आईसीएपी) से जुड़े रहे, जिसे अमेरिका क्यूबा की खुफिया और प्रभाव संचालन गतिविधियों का माध्यम मानता है। अमेरिका ने हाल ही में आईसीएपी पर प्रतिबंध भी लगाये हैं। अमेरिका का आरोप है कि आईसीएपी अमेरिका में क्यूबा समर्थक विचारों को बढ़ावा देने और विभिन्न राजनीतिक समूहों के साथ संपर्क स्थापित करने जैसी गतिविधियों में शामिल रहा है। क्यूबा सरकार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए अमेरिकी कार्रवाई को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है।
ट्रंप प्रशासन ने कहा है कि क्यूबा सरकार से जुड़े विदेशी प्रभाव अभियानों में शामिल पाये जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जा सकती है, जिसमें उन्हें अमेरिका से निष्कासित करना भी शामिल है।
