इंदौर: रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह चलती ट्रेन पकड़ने की कोशिश एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुई. ट्रेन में चढ़ते समय पैर फिसलने से वह ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतक ग्वालियर का रहने वाला था और व्यापारिक कार्य से इंदौर आया था. रेलवे पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
मृतक की पहचान हर्ष गुप्ता, निवासी सुनार मोहल्ला, ग्वालियर के रूप में हुई है. वह सुबह करीब साढ़े नौ बजे ग्वालियर से आई ओवरनाइट एक्सप्रेस से इंदौर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नम्बर 4 पर उतरा था, इसके बाद उसे रतलाम जाने के लिए प्लेटफॉर्म नम्बर 1 से डेमू ट्रेन पकड़नी थी.
प्लेटफॉर्म बदलने के दौरान हर्ष ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया. इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह ट्रेन के नीचे आ गया. हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही इंदौर में रहने वाले उसके रिश्तेदार रेलवे स्टेशन पहुंच गए. वहीं ग्वालियर स्थित परिजनों को भी हादसे की जानकारी दे दी गई, जिसके बाद वे इंदौर के लिए रवाना हो गए. रेलवे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
