भोपाल:मुख्य सचिव अनुराग जैन ने मंत्रालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी कलेक्टरों को स्वच्छ भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जिलों में स्वच्छता से जुड़े कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित किए जाएं तथा उनकी नियमित समीक्षा की जाए।
इससे पहले शुक्रवार को मंत्रालय में मुख्य सचिव अनुराग जैन ने अपर मुख्य सचिव नगरीय विकास एवं आवास संजय दुबे तथा उनकी टीम को ई-गवर्नेंस पुरस्कार के अंतर्गत मध्यप्रदेश को रजत पदक प्राप्त होने पर बधाई दी। उन्होंने इस उपलब्धि को टीम के समर्पित प्रयासों का परिणाम बताते हुए भविष्य में भी नागरिक सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं तकनीक आधारित बनाने की अपेक्षा व्यक्त की।
