सभी किसानों को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक एग्रीकल्चर फीडर से विद्युत आपूर्ति करें : सम्राट चौधरी

पटना, 09 जुलाई (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को राज्यभर में किसानों को फीडरों के माध्यम से सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रहलाद जोशी के साथ बिहार में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र के विकास एवं ऊर्जा सुरक्षा को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में राज्य में स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार, ऊर्जा आत्मनिर्भरता तथा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप नई परियोजनाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के प्रभावी एवं व्यापक क्रियान्वयन कर तेजी से लक्ष्य को प्राप्त करें। उन्होंने निर्देश दिये कि पात्र परिवारों को योजना का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराने के लिए जनजागरूकता बढ़ाई जाए तथा सभी प्रक्रियाओं को सरल एवं समयबद्ध बनाया जाए। जिलाधिकारी अपने-अपने जिलों के लिये निर्धारित लक्ष्य को तेजी से प्राप्त करें।
मुख्यमंत्री ने ‘पीएम-कुसुम योजना’ के अंतर्गत कृषि क्षेत्र के सौरकरण को प्राथमिकता देने पर बल देते हुए कहा कि किसानों को सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराने से कृषि लागत कम होगी तथा स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।उन्होंने कहा कि बिहार में फ्लोटिंग सोलर की काफी संभावना है। उन्होंने निर्देश दिये कि राज्य के जलाशयों एवं अन्य उपयुक्त स्थलों का वैज्ञानिक अध्ययन कर नई परियोजनाओं की कार्ययोजना तैयार करें, जिससे बिहार नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन में नई उपलब्धियां हासिल कर सके।

Next Post

राज ठाकरे ने 'मिसिंग लिंक' प्रोजेक्ट की नाकामी और राममंदिर चंदा मामले पर फडणवीस पर साधा निशाना

Thu Jul 9 , 2026
मुंबई, 09 जुलाई (वार्ता) महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) प्रमुख राज ठाकरे ने गुरुवार को मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर ‘मिसिंग लिंक’ परियोजना के असफल होने और अयोध्या राम मंदिर के लिए मिले चंदे में बड़े घोटाले को लेकर राज्य की देवेंद्र फडणवीस सरकार पर जमकर निशाना साधा तथा बड़ी आधारभूत परियोजनाओं की […]

You May Like