ग्वालियर: लोकायुक्त ग्वालियर की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला सरपंच और उसके पति को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई खनियाधाना जनपद पंचायत की जुंगीपुर ग्राम पंचायत में की गई। आरोप है कि दोनों ने कपिलधारा कूप निर्माण योजना का बिल पास कराने के एवज में हितग्राही से रिश्वत की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार, जुंगीपुर ग्राम पंचायत निवासी राहुल यादव के नाम से कपिलधारा कूप निर्माण योजना स्वीकृत हुई थी। योजना का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद जब उन्होंने भुगतान के लिए बिल प्रस्तुत किया तो आरोप है कि सरपंच पति ने बिल पास कराने के बदले 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इनकार किया और पूरे मामले की शिकायत ग्वालियर लोकायुक्त कार्यालय में दर्ज करा दी।
लोकायुक्त पुलिस ने शिकायत का सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद ट्रैप की योजना बनाई गई। तय रणनीति के तहत शिकायतकर्ता को 20 हजार रुपये लेकर पिछोर की संकट मोचन कॉलोनी स्थित सरपंच के निवास पर भेजा गया। जैसे ही सरपंच और उसके पति ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि स्वीकार की, पहले से घात लगाए बैठी लोकायुक्त टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
