
इंदौर. एक साल के लिए जिलाबदर किए गए चार दर्जन से अधिक आपराधिक मामलों के आरोपी को पुलिस ने प्रतिबंधित क्षेत्र में घूमते हुए अवैध देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी पर हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, मादक पदार्थ, बलवा, अड़ीबाजी, जुआ-सट्टा सहित कई गंभीर अपराध दर्ज हैं.
बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जिलाबदर बदमाश चंदन नगर क्षेत्र में घूम रहा है. घेराबंदी कर 36 वर्षीय इमरान उर्फ इम्मू उर्फ निजाम, पिता इकरामा पहलवान, निवासी ई सेक्टर, नाले पार, चंदन नगर को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ. हथियार की कीमत करीब 10 हजार रुपए बताई गई है. जांच में सामने आया कि पुलिस आयुक्त न्यायालय के आदेश पर आरोपी को 24 दिसंबर 2025 को एक वर्ष के लिए जिलाबदर किया था. इसका आदेश 3 जनवरी 2026 को विधिवत तामील भी कराया था. इसके बावजूद वह बिना अनुमति इंदौर शहर की राजस्व सीमा में मौजूद मिला. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के साथ ही अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है.
आरोपी पर पहले से हैं कई अपराध दर्ज
आरोपी के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, मारपीट, जान से मारने की धमकी, अड़ीबाजी, अवैध हथियार, मादक पदार्थ, जुआ और सट्टा एक्ट समेत करीब चार दर्जन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, आरोपी से पूछताछ की जा रही है.
तिलक करोले, थाना प्रभारी चंदन नगर
