नयी दिल्ली, 22 मार्च (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में बीते सप्ताह चावल के औसत भाव बढ़ गये। चावल के साथ गेहूं, खाद्य तेल और दालों में भी तेजी रही। वहीं, चीनी में गिरावट का रुख देख गया।
सप्ताह के दौरान चावल की औसत कीमत 26 रुपये बढ़कर सप्ताहांत पर 3,809 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं 25 रुपये महंगा होकर 2,819 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटे का भाव सात रुपये गिरकर 3,294 रुपये प्रति क्विंटल पर रहा।
दालों की कीमत में भी तेजी रही। सप्ताह के दौरान तुअर दाल की औसत कीमत 103 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। उड़द दाल 99 रुपये और मूंग दाल 53 रुपये महंगी हुई। चना दाल का भाव 21 रुपये और मसूर दाल का आठ रुपये प्रति क्विंटल बढ़ा।
बीते सप्ताह विदेशी में बढ़ी कीमत के कारण पाम ऑयल में औसतन 380 रुपये प्रति क्विंटल का उछाल देखा गया। सूरजमुखी तेल 217 रुपये और मूंगफली तेल 192 रुपये महंगा हुआ। सोया तेल की कीमत 152 रुपये और वनस्पति की 142 रुपये बढ़ी। सरसों तेल भी 59 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ।
मीठे के बाजार में बीते सप्ताह गुड़ का औसत भाव 59 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गया। दूसरी तरफ चीनी 10 रुपये सस्ती हुई।
