पांढुरना। बीएसएनएल के 80 मीटर ऊंचे टेलीफोन टावर पर तीन दिन से चढ़े युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। बुधवार को छिंदवाड़ा से बुलाए गए रेस्क्यू टीम के दो प्रशिक्षित सदस्य पूरे सुरक्षा उपकरणों के साथ टावर पर चढ़कर युवक तक पहुंच गए। इससे पहले हाई-कैपेसिटी ड्रोन की मदद से युवक की स्थिति का आकलन किया गया था।
रेस्क्यू टीम ने पहले युवक से बातचीत की, जिसके बाद वह नीचे उतरने के लिए तैयार हो गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसके सिर पर हेलमेट पहनाया गया और रस्सियों से सुरक्षित बांध दिया गया। इसके बाद उसे सावधानीपूर्वक नीचे उतारने की प्रक्रिया शुरू की गई।
मौके पर जिला प्रशासन, पुलिस और रेस्क्यू टीम लगातार पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं। वहीं, इस हाई-वोल्टेज रेस्क्यू ऑपरेशन को देखने के लिए आसपास बड़ी संख्या में लोग भी एकत्र हो गए। प्रशासन का पूरा प्रयास है कि युवक को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित जमीन पर उतारा जाए।
