
शुजालपुर, पचोर मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सडक़ दुर्घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल शुजालपुर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पताल में ले जाने के दौरान दो घायलों की मौत हो गई.
मिली जानकारी अनुसार राजगढ़ जिले के तलेन थाना क्षेत्र में स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत इतनी तेज थी कि बाइक सवार एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में स्कॉर्पियो चालक भी चोटिल हुआ. पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए शुजालपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया. तलेन थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे में इकलेरा निवासी हनीफ खान 50 वर्ष, आयशा बी 40 वर्ष और मुमताज बी 45 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए. वहीं स्कॉर्पियो चालक सारंगपुर निवासी गोकुल लोधा को भी गंभीर चोटें आई हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. दुर्घटना में मुमताज बी का एक हाथ कट गया और काफी खून भी निकला, महिला को सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत चिंता जनक होने पर रेफर किया गया, लेकिन कुछ देर बाद मुमताज बी ने दम तोड दिया. उधर हनीफ खां के पैर में गंभीर चोटे आई थी, इनकी भी निजी अस्पताल में ले जाने के बाद उपचार के दौरान मृत्यू हो गई.
अस्पताल की एम्बुलेंस खराब
सिविल अस्पताल शुजालपुर की व्यवस्थाएं लगातार खराब हो रही है. मरीजों को मिलने वाली सुविधाएं कमजोर होती जा रही है. इस अस्पताल में पदस्थ कुछ चिकित्सकों की रूचि निजी तौर पर उपचार में अधिक होने से शासकीय व्यवस्थाएं दम तोड रही है. जिला चिकित्सालय से भी मॉनीट्रिंग सही नहीं हो रही है. अस्पताल से समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. शुक्रवार को हुए इस भीषण सडक़ हादसे के बाद घायलों को अस्पताल तक लाने के लिए एम्बुलेंस नहीं मिली, साथ ही सिविल अस्पताल से रेफर करने पर भी एम्बुलेंस की व्यवस्था नहीं की गई. बताया जाता है कि सिविल अस्पताल की एम्बुलेंस खराब है. अस्पताल से रेफर किए जाने के बाद घायलों को निजी वाहन में ले जाना पड़ा, जिसमें चिकित्सा व्यवस्था के लिए कोई साधन उपलब्ध नहीं थे.
