
सरई। जिले के सरई थाना क्षेत्र में आज दिन शुक्रवार की दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब बरका तिराहा के पास एक जेसीबी मशीन में अचानक आग लग गई। आग लगने की घटना बिजली सब स्टेशन के बगल में हुई, जहां जेसीबी मशीन पूरी तरह से जलकर खाक हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार जेसीबी मशीन दुधमनिया निवासी राजू पटेल की थी, जो बरका से सरई आ रही थी। रास्ते में अचानक सर्किट होने से मशीन में आग लग गई। ऑपरेटर ने बताया कि वह जेसीबी से उतरकर इधर-उधर आग बुझाने की कोशिश करता रहा, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया गया।
सरई में फायर ब्रिगेड की गाड़ी नहीं होने से आग बुझाने में परेशानी हुई। अगर नगर परिषद में फायर ब्रिगेड की गाड़ी रही होती, तो शायद जेसीबी में लगी आग को बुझाया जा सकता था। लेकिन ऐसा नहीं हुआ और पूरी तरह से जेसीबी जलकर खाक हो गया। वहीं रास्ते में जहां पर मशीन में आग लगी, वहां पर किसी भी प्रकार की आग बुझाने के लिए पानी की व्यवस्था नहीं थी। इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है और उन्होंने नगर परिषद से फायर ब्रिगेड की गाड़ी की व्यवस्था करने की मांग की है।
