
रतलाम। हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा 2026 जिले के 58 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जाएगी। जिले में समन्वयक संस्था शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय रतलाम में परीक्षा को लेकर गोपनीय परीक्षा सामग्री का वितरण शुक्रवार को हुआ। अधिकारियों की मौजूदगी में सीलबंद बॉक्सों में साग्रमी को वितरित किया गया।
माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा 2026 के अंतर्गत जिले में समन्वयक संस्था शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय रतलाम में गोपनीय परीक्षा सामग्री का वितरण अत्यंत सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं पारदर्शी रूप से संपन्न हुआ।गोपनीय परीक्षा सामग्री का वितरण कलेक्टर प्रतिनिधि अपर कलेक्टर श्रीमती शालिनी श्रीवास्तव, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती अनीता सागर, समन्वयक संस्था प्राचार्य सुभाष कुमावत तथा मंडल प्रतिनिधि की गरिमामयी उपस्थिति में परीक्षा टीम सुधीर गुप्ता, माया मौर्या, शरद शर्मा, यशस्वी वर्मा, मनीष शर्मा, सुरेश राठौड़, प्रेमलता व्यास, ऊषा पचोरी द्वारा किया गया।
सामग्री वितरण से पूर्व सर्वप्रथम सभी केंद्राध्यक्षों, सहायक केंद्राध्यक्षों एवं रिजर्व केंद्राध्यक्षों को बोर्ड परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों से समन्वयक प्राचार्य सुभाष कुमावत द्वारा विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्रीमती शालिनी श्रीवास्तव एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती अनीता सागर ने परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने, नियमों के सख्त अनुपालन एवं व्यवस्थित एवं निष्पक्ष संचालन हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। परीक्षा सामग्री का वितरण अत्यंत सतर्कता एवं निर्धारित मापदंडों के अनुरूप किया गया, जिसमें किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई तथा किसी केंद्र से अतिरिक्त सामग्री की मांग प्राप्त नहीं हुई। वितरण उपरांत समस्त केंद्रों की सामग्री को सील बंद बॉक्सों के माध्यम से संबंधित सुरक्षित थानों में विधिवत रखवाया गया। हायर सेकेंडरी परीक्षा 10 फरवरी से एवं हाई स्कूल परीक्षा 13 फरवरी से प्रारंभ होगी जिसमें 27402 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। सम्पूर्ण प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं उत्कृष्ट प्रशासनिक समन्वय के साथ संपन्न हुई।
31 केन्द्रों तक पहुंची सामग्री, 27 केन्द्र रहे बाकी
समन्वयक संस्था प्राचार्य सुभाष कुमावत ने बताया कि जिले में बोर्ड परीक्षाओं हेतु कुल 58 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें से 31 परीक्षा केंद्रों—जावरा, पिपलोदा, आलोट एवं बाजना विकासखंड—की गोपनीय परीक्षा सामग्री का वितरण शुक्रवार को सफलतापूर्वक किया गया। शेष 27 परीक्षा केंद्रों—रतलाम एवं सैलाना विकासखंड—की सामग्री का वितरण निर्धारित कार्यक्रम अनुसार आगामी दिवस किया जाएगा।
