मुरैना: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। सबलगढ़ थाने में पदस्थ एएसआई रामबाबू निबोरिया का कथित तौर पर रिश्वत मांगते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एएसआई कथित रूप से एक व्यक्ति से कहते सुनाई दे रहे हैं, “छोड़ दूंगा, लेकिन टीआई बहुत खतरनाक है… बताओ कितना दोगे, 10, 20, 25 या 50 हजार… मैं साहब से बात कर लूंगा।”
बताया जा रहा है कि यह वीडियो थाने के टीआई चेंबर का है। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुरैना पुलिस अधीक्षक ने एएसआई रामबाबू निबोरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता और सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
