इंदौर: सदर बाजार थाना क्षेत्र में क्रेडिट कार्ड वेरिफिकेशन के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। खुद को आईडीएफसी बैंक का क्रेडिट कार्ड मैनेजर बताने वाले जालसाज ने युवक को झांसे में लेकर उसके एसबीआई क्रेडिट कार्ड से 62,375 रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक जूना रिसाला निवासी जोयब पिता अब्दुल जब्बार ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके मोबाइल पर 8859950281 नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को आईडीएफसी बैंक का क्रेडिट कार्ड मैनेजर बताते हुए कहा कि उनके कार्ड का वेरिफिकेशन लंबित है और प्रक्रिया तुरंत पूरी करनी होगी। बातों में आकर पीड़ित ने बताई गई प्रक्रिया पूरी की, जिसके बाद जालसाज ने उनके एसबीआई क्रेडिट कार्ड से तीन ट्रांजेक्शन कर कुल 62,375 रुपये निकाल लिए।
पुलिस के अनुसार, ठग ने 42,206 रुपये और 15,182 रुपये की राशि बेंगलुरु में उपयोग की, जबकि 3,987 रुपये का भुगतान मैजिकपिन, गुरुग्राम के माध्यम से किया गया। मोबाइल पर लगातार ट्रांजेक्शन के मैसेज आने के बाद पीड़ित को ठगी का पता चला। इसके बाद सदर बाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मोबाइल नंबर और ट्रांजेक्शन के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
