
सिंगरौली । ननि आयुक्त सविता प्रधान ने निगम कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान 9 जुलाई को गनियारी मुक्तिधाम में आयोजित होने वाले वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वृक्षारोपण स्थल पर गड्ढों की खुदाई, पौधों की उपलब्धता, सिंचाई व्यवस्था, ट्री-गार्ड, साफ.-सफाई सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहे, बल्कि उनके संरक्षण, नियमित सिंचाई एवं देखभाल की प्रभावी व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में विकसित होकर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे सके। आयुक्त ने कहा कि ननि को वृक्षारोपण के लिए जो लक्ष्य निर्धारित किया गया है, उसे शत-प्रतिशत पूर्ण करना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। आयुक्त ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और जनसहभागिता से ही हरित एवं स्वच्छ सिंगरौली का लक्ष्य साकार किया जा सकता है। बैठक में कार्यपालन यंत्री संतोष पाण्डेय, सहायक यंत्री प्रवीण गोस्वामी, डीके सिंह सहित अन्य मौजूद रहे। ं
