स्मार्ट सिटी के कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री एवं उपयंत्री को कारण बताओ नोटिस

ग्वालियर। कलेक्टर रुचिका चौहान ने सचिन तेंदुलकर मार्ग उन्नयन कार्य निर्माण की सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, उपयोग की जाने वाली समग्री का स्त्रोत अनुमोदन करने, कार्य का तकनीकी परीक्षण एवं गुणवत्ता नियंत्रण सुनिश्चित करने के साथ ही अनुबंधीय प्रावधानों के अनुरूप अनुपालन की निगरानी करने संबंधी दायित्वों का निर्वहन न करने पर स्मार्ट सिटी के कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री एवं उपयंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने स्मार्ट सिटी के तीनों इंजीनियरों को नोटिस जारी कर स्पष्ट किया है कि सचिन तेंदुलकर मार्ग उन्नयन कार्य में लापरवाही पाए जाने पर क्यों न उनके विरूद्ध कार्रवाई की जाए। तीनों अधिकारियों को पांच दिवस के अंदर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जवाब समाधानकारक न पाए जाने पर उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर एक पक्षीय कार्रवाई की जायेगी।

कलेक्टर ने स्मार्ट सिटी के कार्यपालन यंत्री अंकित शर्मा, सहायक यंत्री अनिल चौहान एवं उप यंत्री अभिषेक त्रिपाठी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है। उन्होंने कारण बताओ सूचना पत्र में स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्य में प्रयुक्त मेन हॉल कवर का नियमानुसार स्त्रोत अनुमोदन कार्य प्रारंभ होने से पूर्व सुनिश्चित नहीं किया गया। निम्न गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग रोकने हेतु अपेक्षित तकनीकी परीक्षण एवं गुणवत्ता नियंत्रण प्रभावी रूप से सुनिश्चित नहीं किया गया। अधीनस्थ अधिकारियों एवं गुणवत्ता नियंत्रण तंत्र का प्रभावी परीक्षण नहीं किया गया। इसके परिणाम स्वरूप तकनीकी मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। इसके साथ ही अनुबंधीय शर्तों, स्वीकृत तकनीकी विनिर्देशों एवं विभागीय दायित्वों के अनुरूप गुणवत्ता सुनिश्चित करने में लापरवाही बरती गई है। इन सभी बिंदुओं पर संबंधित अपना जवाब पाँच दिवस में प्रस्तुत करें।

*स्मार्ट सिटी की एडवायजरी फोरम की बैठक 13 को*

ग्वालियर स्मार्ट सिटी की जिला स्तरीय एडवायजरी फोरम की बैठक 13 जुलाई को प्रात: 11.30 बजे से आयोजित की जायेगी। बैठक में स्मार्ट सिटी द्वारा संचालित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की जायेगी। जिला स्तरीय एडवायजरी फोरम की बैठक बाल भवन में आयोजित की जायेगी।

कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जिला स्तरीय एडवायजरी फोरम की बैठक आयोजित करने के संबंध में स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि क्षेत्रीय सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह द्वारा स्मार्ट सिटी के विभिन्न कार्यों की समीक्षा के लिये बैठक आयोजित करने के दिशा-निर्देश दिए गए हैं। बैठक में स्मार्ट सिटी द्वारा संचालित कार्यों में सचिन तेंदुलकर मार्ग उन्नयनीकरण, मल्टीलेवल पार्किंग, कन्वेंशन सेंटर के साथ ही स्मार्ट सिटी द्वारा किए गए कार्यों एवं संचालित कार्यों की समीक्षा की जायेगी।

Next Post

शुभेन्दु अधिकारी ने बारुईपुर दुष्कर्म-हत्या मामले में पीड़ित परिवार को न्याय का दिलाया भरोसा

Tue Jul 7 , 2026
बारुईपुर, 07 जुलाई (वार्ता) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी ने मंगलवार को बारुईपुर में नाबालिग लड़की के सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले की जांच का गंभीरता से जायजा लेते हुए पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पीड़ित परिवार से मुलाकात करते […]

You May Like