सिंगरौली : नालसा की कार्ययोजना के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय निवास में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिंगरौली अतुल कुमार खंडेलवाल के निर्देश, सचिव मनोरम तिवारी के मार्गदर्शन तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सरई निरंजना योगेश मालवीय के नेतृत्व में हुआ। कार्यक्रम का संचालन पैरालीगल वालंटियर शिवप्रसाद साहू ने किया।
न्यायाधीश निरंजना योगेश मालवीय ने उपस्थित लोगों को नि:शुल्क विधिक सेवाओं सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पति-पत्नी को छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद को बड़ा रूप देने से बचना चाहिए। आपसी प्रेम, सम्मान और संवाद से परिवार में सौहार्द बना रहता है। उन्होंने कहा कि पारिवारिक विवादों का सबसे अधिक असर बच्चों की परवरिश और भविष्य पर पड़ता है। उन्होंने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए कहा कि नशा समाज को बुराइयों की ओर धकेलता है। नशे की लत से परिवारों में तनाव और विवाद बढ़ने के साथ सामाजिक समस्याएं भी उत्पन्न होती हैं। कार्यक्रम में सरपंच युवराज सिंह, प्राचार्य रवि प्रताप सिंह, एएसआई त्रिवेणी पाल सहित जनप्रतिनिधि, विद्यालय स्टाफ, न्यायालय कर्मचारी एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे
