प्रयागराज, 7 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जंक्शन रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने 50 लाख रुपये के फर्जी नोटों के बंडल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 500-500 रुपये के नोटों के रूप में तैयार किए गए 10 बंडल बरामद हुए हैं।
जीआरपी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामनिवास (20) निवासी गजरूप देसर गांव, थाना नापासर, जिला बीकानेर (राजस्थान) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से बरामद नीले रंग के बैग में 500 रुपये के नोटों के 10 बंडल मिले। जांच में इन बंडलों का अंकित मूल्य 50 लाख रुपये पाया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिल्ली के पहाड़गंज से यह फर्जी नोट लेकर कोलकाता जा रहा था।
प्रारंभिक जांच के अनुसार नोटों की प्रत्येक गड्डी में ऊपर और नीचे असली 500 रुपये के नोट लगाए गए थे, जबकि बीच में सफेद कागज रखे गए थे। पूरी गड्डी को पारदर्शी प्लास्टिक से पैक किया गया था, जिससे वह वास्तविक नोटों की गड्डी जैसी दिखाई दे। आरोपी इन नकली गड्डियों के बदले असली नकदी हासिल कर अवैध लाभ कमाता था।
जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ प्रयागराज जीआरपी थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
