
टीकमगढ़। शहर की आस्था का प्रमुख केंद्र राज राजेश्वरी मंदिर अब नए स्वरूप में नजर आएगा। कलेक्टर विवेक श्रोतिय के प्रयासों से धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग ने मंदिर के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के लिए 15 लाख 58 हजार रुपये की पहली किस्त स्वीकृत कर दी है। मंदिर के कायाकल्प का कार्य लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा कराया जाएगा।
कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने बताया कि मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए 23 लाख 60 हजार रुपये का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग को भेजा गया था। प्रस्ताव के आधार पर विभाग ने प्रथम चरण में 15.58 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कर दी है। इस राशि से मंदिर परिसर के आवश्यक मरम्मत कार्य, संरचनात्मक सुधार और सौंदर्यीकरण की शुरुआत होगी।
राज राजेश्वरी मंदिर टीकमगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है। यह मंदिर देवी राजराजेश्वरी (आदि शक्ति) को समर्पित है और वर्षों से हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना हुआ है।
