
मक्सी। शाजापुर जिले के नेशनल हाईवे-52 स्थित नैनावद घाटी पर बुधवार शाम एक सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार और लोडिंग ऑटो रिक्शा के बीच टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में ऑटो रिक्शा में सवार दो लोग घायल हो गए।
घायलों की पहचान दिनेश पिता गिरधारीलाल और अर्जुन उम्मट के रूप में हुई है, जो दोनों ग्राम गोलवा के निवासी हैं। बताया गया कि वे अपने लोडिंग ऑटो रिक्शा में खाद संबंधी सामग्री लेकर आगर जिले के कानड़ क्षेत्र से अपने गांव गोलवा लौट रहे थे, तभी नैनावद घाटी के पास यह हादसा हुआ।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही नैनावद पुलिस चौकी का दल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल शाजापुर भिजवाया। इसके साथ ही, क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे कर यातायात व्यवस्था को भी सुचारु किया गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि अर्टिगा कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ऑटो रिक्शा को भी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। नैनावद पुलिस चौकी ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और वाहन चालकों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
