भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि आज का दिन भारतीय विज्ञान की महान उपलब्धि का प्रतीक है, जब विश्व प्रसिद्ध वैज्ञानिक सी. वी. रमन की ऐतिहासिक खोज ‘रमन प्रभाव’ से पूरी दुनिया परिचित हुई थी।मुख्यमंत्री ने कहा कि सर सी. वी. रमन की इस महत्वपूर्ण खोज ने विज्ञान जगत को नई दिशा प्रदान की और भारत को वैश्विक वैज्ञानिक मानचित्र पर गौरवान्वित किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस केवल एक उपलब्धि का स्मरण नहीं, बल्कि वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अनुसंधान के प्रति प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करने का अवसर भी है।डॉ. यादव ने कहा कि यह दिवस विज्ञान के प्रति समर्पित प्रतिभाओं को मानवता और विश्व कल्याण के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नवाचार कर देश को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।
