चंडीगढ़, 07 जुलाई (वार्ता) पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने मंगलवार को महंगाई भत्ता (डीए) जारी करने के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि भगवंत मान सरकार ने लाखों कर्मचारियों और पेंशनरों के साथ विश्वासघात किया है।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों की बात आते ही सरकार खजाना खाली होने का बहाना बनाती है, जबकि विज्ञापनों और प्रचार पर करोड़ों रुपये खर्च किये जा रहे हैं। श्री ढिल्लों ने कहा कि उच्च न्यायालय द्वारा डीए के लंबित मामले पर पंजाब सरकार से जवाब-तलब किये जाने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि सरकार अपने वादों से पीछे हट रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले कर्मचारियों से बड़े-बड़े वादे करने वाली आम आदमी पार्टी अब उन्हें उनका वैध अधिकार देने से बच रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और हरियाणा की भाजपा सरकार समय पर कर्मचारियों को महंगाई भत्ता दे रही हैं, जबकि पंजाब में लंबे समय से डीए का भुगतान और बकाया लंबित है। उनके अनुसार हरियाणा में कर्मचारियों को 60 प्रतिशत डीए मिल रहा है, जबकि पंजाब में कर्मचारियों को लंबे समय से देय महंगाई भत्ते का लाभ नहीं दिया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार के पास आत्म-प्रचार और विज्ञापनों के लिए करोड़ों रुपये हैं, लेकिन कर्मचारियों और पेंशनरों के वैध बकाए के भुगतान के लिए धन नहीं है। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट की फटकार ने आम आदमी पार्टी सरकार के दावों और हकीकत के बीच का अंतर उजागर कर दिया है। श्री ढिल्लों ने कहा कि पंजाब के कर्मचारी और पेंशनर खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं और आगामी विधानसभा चुनाव में इस ‘वादाखिलाफी वाली सरकार’ को करारा जवाब देंगे।

