
छतरपुर। मध्य प्रदेश पुलिस के “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के तहत मंगलवार को बमीठा पुलिस और बागेश्वर धाम जन सेवा समिति ने बागेश्वर धाम परिसर में साइबर जागरूकता जन चौपाल का आयोजन किया। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर से आए श्रद्धालुओं को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचाव के बारे में जागरूक किया गया।
थाना प्रभारी वाल्मीकि चौबे ने श्रद्धालुओं को बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड या ओटीपी साझा न करें और मोबाइल पर आने वाले संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी नई-नई तकनीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं, इसलिए सतर्क रहना ही सबसे बड़ा बचाव है।
कार्यक्रम के दौरान संचार साथी (CEIR) पोर्टल से खोए या चोरी हुए मोबाइल को ब्लॉक और ट्रेस कराने, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज करने तथा बैंकिंग GRM पोर्टल के माध्यम से धोखाधड़ी की स्थिति में बैंक खाता फ्रीज कराने की प्रक्रिया भी विस्तार से समझाई गई। पुलिस ने अपील की कि किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। इस अवसर पर चौकी प्रभारी, बागेश्वर धाम जन सेवा समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
