सतना: शहर के पन्ना नाका स्थित पूजा हॉस्पिटल एक बार फिर विवादों में घिर गया है। सोमवार रात अस्पताल परिसर में मरीज के परिजनों और चिकित्सक के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया। घटना के बाद अस्पताल में हडक़ंप की स्थिति बन गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, चित्रकूट निवासी राहुल सिंह ने आरोप लगाया है कि उनके 78 वर्षीय दादा आरएम सिंह का इलाज पूजा हॉस्पिटल में चल रहा था। स्पाइन संबंधी बीमारी से पीड़ित मरीज के घर में गिर जाने से सिर पर गंभीर चोट लग गई थी, जिसके बाद उन्हें सोमवार सुबह अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
परिजनों के मुताबिक, चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच के बाद शाम को ऑपरेशन करने की बात कही थी। इसके लिए मरीज का सीटी स्कैन, एमआरआई सहित अन्य जांचें कराई गईं और भर्ती व उपचार के मद में 10 हजार रुपये भी जमा कराए गए। आरोप है कि जब शाम को परिजनों ने ऑपरेशन को लेकर चिकित्सक से जानकारी मांगी, तो उन्हें बताया गया कि मरीज की प्लेटलेट्स कम होने के कारण यहां ऑपरेशन संभव नहीं है और बेहतर उपचार के लिए बाहर रेफर करना पड़ेगा। इसी बात को लेकर परिजनों और अस्पताल के चिकित्सक डॉ. नितिन के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान चिकित्सक ने अभद्र व्यवहार करते हुए उनके साथ मारपीट की। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे मामले ने तूल पकड़ लिया है।
आगे स्पष्ट होगी स्थिति
हालांकि, इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन या चिकित्सक की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। मामले को लेकर पुलिस में शिकायत की गई है या नहीं, इसकी पुष्टि भी फिलहाल नहीं हो सकी है। यदि शिकायत दर्ज होती है तो पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
