
भोपाल। अरेरा हिल्स थाना पुलिस ने प्रॉपर्टी टैक्स में 14 लाख रूपए का फर्जीवाड़ा करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस रिमांड़ पर आरोपियों को दिनों तक लिया गया. आरोपियों के पास से पुलिस को अभी तक गबन की गई राशि बरामद नहीं हो सकी है. मामले में वार्ड कार्यालय में काम करने वाली एक महिला कर्मचारी का नाम भी सामने आया है. आरोप है कि महिला कर्मचारी ने दोनों आरोपियों को कम्प्यूट का पासवर्ड बताया था.
जानकारी के मुताबिक नगर निगम के वार्ड क्रमांक 33 के कार्यालय में कार्यरत दो कर्मचारियों सिराज उल हक और मो समीर खान पर प्रॉपर्टी टैक्स में फर्जीवाड़ा करने का आरोप है. दोनों ही आरोपी निगम के वार्ड कार्यालय में कम्प्यूटर आपरेट के तौर पर काम करते थे. दोनों के खिलाफ वार्ड प्रभारी रघुराम तिवारी ने 14 लाख रुपए गबन करने का आरोप लगाया. सिराज और समीर पर आरोप है कि टैक्स का पैसा जमा करने वाले लोगों को टैक्स कम कर उन्हें निगम की आईडी से रसीद बनाकर दी जाती थी. आरोपियों के इस काम में वहां कार्यरत एक महिला कर्मचारी ने भी साथ दिया. लोगों को दी गई रसीद के बावजूद भी आरोपी टैक्स के रुप में मिली रकम को कार्यालय के खातों में जमा नहीं करते थे. आरोपी सिराज और समीर ने करीब तीन महीने में 54 लोगों से 14 लाख रुपए हड़पे. कार्यालय के आडिट रिपोर्ट में इसका खुलासा होने पर आरोपियों के खिलाफ वार्ड प्रभारी ने शिकायत की. अरेरा हिल्स थाना पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया. दो दिन की रिमांड पर आरोपियों को लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है. आरोपियों से गबन की गई राशि बरामद करने के प्रयास में पुलिस जुटी है. मामले में महिला आरोपी से भी पुलिस पूछताछ कर रही है.
