कोरो हेल्थ में कर्मचारियों की सामूहिक छंटनी पर वेणुगोपाल का केंद्र पर हमला, नये लेबर कोड को बताया ‘काला कानून’

नयी दिल्ली, 06 जुलाई (वार्ता) कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने केरल स्थित कोरो हेल्थ में कथित तौर पर 800-900 कर्मचारियों की सामूहिक छंटनी को लेकर सोमवार को केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।

श्री वेणुगोपाल ने कहा कि यह घटना देश के श्रमिक वर्ग के लिए गंभीर चेतावनी है और नये लेबर कोड कर्मचारियों के अधिकारों को कमजोर करने वाले “काले कानून” हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कोरो हेल्थ में कर्मचारियों को एक ही दिन अचानक फुल एंड फाइनल टर्मिनेशन लेटर थमाकर नौकरी से निकाल दिया गया और उन्हें उचित मुआवजा भी नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि नये औद्योगिक संबंध संहिता में 18,000 रुपये से कम वेतन पाने वाले व्यक्ति को ही “वर्कर” की श्रेणी में रखा गया है, जिससे अधिकतर आईटी कर्मचारियों को कानूनी सुरक्षा से बाहर कर दिया गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि लेबर कोड में “फिक्स्ड-टर्म कॉन्ट्रैक्ट” को वैध बनाकर स्थायी कर्मचारियों को अस्थायी ‘हायर एंड फायर’ व्यवस्था में बदलने का रास्ता तैयार किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने बड़े कॉरपोरेट घरानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए श्रमिकों के अधिकारों से समझौता किया है। उन्होंने मांग की कि नये लेबर कोड को दोबारा संसद की गहन समीक्षा के लिए भेजा जाये ताकि श्रमिकों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।

 

 

Next Post

बारिश के बाद पोलिटेक्निक चौराहे पर लगा लंबा जाम, लोगों की बढ़ी परेशानी

Mon Jul 6 , 2026
भोपाल। राजधानी में आज शाम से लगातार हो रही बारिश का असर अब शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है। सोमवार को पोलिटेक्निक चौराहे पर जलभराव और वाहनों की लंबी कतार के कारण भारी ट्रैफिक जाम लग गया। जाम में ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, छात्र, दोपहिया और […]

You May Like