भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रनों से हराया

चेन्नई, 26 फरवरी (वार्ता) अभिषेक शर्मा (55), हार्दिक पंड्या (नाबाद 50), तिलक वर्मा (नाबाद 44 ), इशान किशन (38) और सूर्यकुमार यादव (33) की विस्फोटक पारियों के बाद अर्शदीप सिंह (तीन विकेट) के बेहतरीन प्रदर्शन बदौलत भारत ने टी-20 विश्वकप के सुपर आठ मुकाबले में जिम्बाब्वे को 72 रनों से हराकर टूर्नामेंट में अपनी उम्मीद को जिंदा रखा।

257 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे के लिए ब्रायन बेनेट और टी मारूमानी की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 44 रन जोड़े। सातवें ओवर में अक्षर पटेल ने टी मारूमानी (20) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। 10वें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने डिओन मेयर्स (छह) को अपना शिकार बना लिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये सिकंदर रजा ने ब्रायन बेनेट के साथ तीसरे विकेट के लिए 72 रन जोड़े। 17वें ओवर में अर्शदीप ने सिकंदर रजा को बाउंड्री पर कैच आउट कराकर भारत को तीसरी सफलता दिलाई। सिकंदर रजा ने 21 गेंदों में दो चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 31 रन बनाये। इसी ओवर की चौथी गेंद पर रायन बर्ल (शून्य) को पगबाधा आउट कर पवेलियन भेज दिया। 19वें ओवर में अर्शदीप ने टोनी मुनयोंगा (11) को बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया। 20वें ओवर में शिवम दुबे ने ताशिंगा मुसेकिवा (सात) को आउट किया। जिम्बाब्वे की टीम निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 184 रन ही बना सकी और भारत ने 72 रनों यह मुकाबला जीत लिया। ब्रायन बेनेट ने 59 गेंदों में आठ चौके और छह छक्के लगाते हुए नाबाद 97 रनों की पारी खेली।

भारत के लिए अर्शदीप सिंह ने तीन विकेट लिये। वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल और शिवम दुबे ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले भारत ने आज यहां जिम्बाब्वे के खिलाफ टी- 20 विश्वकप के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर 256 रन बनाया। जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी ने 48 रन जोड़े। चौथे ओवर में ब्लेसिंग मुजारबानी ने संजू सैमसन को आउट कर जिम्बाब्वे को पहली सफलता दिलाई। संजू सैमसन ने 15 गेंदों में एक चौका और दो छक्के लगाते हुए 24 रन बनाये। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये इशान किशन ने अभिषेक शर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 72 रन जोड़े। 11वें ओवर में सिकंदर रजा ने इशान किशन को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। इशान किशन ने 24 गेंदों में चार चौके और एक छक्का लगाते हुए 38 रन बनाये।

13वें ओवर में टी मपोसा ने अभिषेक शर्मा का शिकार कर लिया। अभिषेक शर्मा ने 30 गेंदों में चार चौके और चार छक्के लगाते हुए 55 रनों की पारी खेली। चौथे विकेट के रूप में सूर्यकुमार यादव आउट हुये। उन्होंने 13 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 33 रन बनाये। भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 256 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। हार्दिक पंड्या ने 23 गेंदों में दो चौके और चार छक्के उड़ाते हुए नाबाद 50 रनों की विस्फोटक पारी खेली। और तिलक वर्मा ने 16 गेंदों में तीन चौके और चार छक्के लगाते हुए (नाबाद 44) रन बनाये।

जिम्बाब्वे के लिए सिकंदर रजा, ब्लेसिंग मुजारबानी, रिचर्ड अंगारावा और टी मपोसा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

Next Post

पाकिस्तान से भेजा गया ड्रोन खेत में गिरा, हथियार बरामद

Thu Feb 26 , 2026
श्रीगंगानगर, 26 फरवरी (वार्ता) राजस्थान में बीकानेर जिले के खाजूवाला थाना क्षेत्र में गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की ओर से भेजा गये ड्रोन मिला जिसमें पिस्तौलें और कारतूस बरामद हुए। प्राप्त जानकारी के अनुसार पाकिस्तान सीमा से महज ढाई किलोमीटर दूर चक 24 केएनडी के एक खेत में […]

You May Like