एनसीआर में वायु प्रदूषण नियंत्रण पर सख्ती

नयी दिल्ली, 06 जुलाई (वार्ता) वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण नियंत्रण को लेकर 14 जून से 30 जून के बीच निरीक्षण के दौरान 62 मामलों में नियमों का उल्लंघन पाया है।

आयोग ने सोमवार को यहां प्रवर्तन कार्यबल (ईटीएफ) की 134वीं बैठक में निरीक्षण, प्रवर्तन कार्रवाई और अनुपालन की समीक्षा करते हुए बताया कि कुल 173 निरीक्षणों में 15 निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) स्थलों, 91 औद्योगिक इकाइयों और 67 डीजी सेट से संबंधित थे। बैठक में यह भी बताया गया कि पिछली समीक्षा के बाद सभी कार्रवाई योग्य मामलों में संबंधित एजेंसियों ने आवश्यक कदम उठाए हैं तथा अनुपालन सत्यापन के बाद सात सीएंडडी परियोजनाओं को दोबारा कार्य शुरू करने की अनुमति दी गई है, जिनमें उत्तर प्रदेश की दो और हरियाणा की पांच परियोजनाएं शामिल हैं। निरीक्षण के आधार पर चार इकाइयों एवं परियोजनाओं को बंद करने, 27 डीजल जनरेटर (डीजी) सेट सील करने, छह अनुपालन आदेश जारी करने तथा 17 मामलों में पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति लगाने का प्रस्ताव किया गया है।

आयोग के अनुसार उसकी फ्लाइंग स्क्वाड अब तक एनसीआर में 27,750 इकाइयों, परियोजनाओं और अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर चुकी है। इन निरीक्षणों के आधार पर 1,802 बंदी आदेश जारी किये गये, जिनमें से 1,424 मामलों में अनुपालन सुनिश्चित होने पर दोबारा संचालन की अनुमति दी जा चुकी है। इसके अलावा 123 मामलों को अंतिम निर्णय के लिए संबंधित राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्डों और दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति को भेजा गया है, जबकि 255 मामलों में पुनः संचालन की अनुमति पर विचार किया जा रहा है। आयोग ने वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रभावी प्रवर्तन, समयबद्ध अनुपालन सत्यापन, विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में सख्त कार्रवाई जारी रखने पर जोर दिया।

 

 

Next Post

राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि मामले की अगली सुनवाई 18 जुलाई को

Mon Jul 6 , 2026
सुलतानपुर, 06 जुलाई (वार्ता) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की सुलतानपुर के एमपी एमएलए कोर्ट में अब 18 जुलाई को सुनवाई होगी। श्री गांधी की वास्तविक आवाज और आरोप के तहत जमा की गई सीडी की आवाज का विधि विज्ञान प्रयोगशाला में मिलान को […]

You May Like