गत विजेता टीमें पहले दिन करेंगी अपने अभियान की शुरुआत

नयी दिल्ली, 06 जुलाई (वार्ता) ओरिएंटल कप 2026 का शुभारंभ मंगलवार को नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर स्टेडियम में होगा। टूर्नामेंट के पहले दिन गत विजेता डीपीएस आर.के. पुरम और गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, फरीदाबाद अपने-अपने खिताब बचाने के अभियान की शुरुआत करेंगे।
टूर्नामेंट के चौथे संस्करण में दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न स्कूलों की 48 से अधिक टीमें लड़कों के अंडर-17 और लड़कियों के अंडर-19 वर्ग में हिस्सा लेंगी। पिछले संस्करण की तुलना में इस बार प्रतियोगिता पूरी तरह नॉकआउट प्रारूप में आयोजित की जाएगी। शुरुआती दौर के सभी मुकाबले दो 15-15 मिनट के हाफ में खेले जाएंगे।

गत विजेता डीपीएस आर.के. पुरम टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में वसंत वैली स्कूल का सामना करेगा। डीपीएस आर.के. पुरम ने 2025 के फाइनल में द मदर्स इंटरनेशनल स्कूल को पेनल्टी शूटआउट में 5-4 से हराकर खिताब अपने नाम किया था। इस बार टीम ओरिएंटल कप के इतिहास में लड़कों के वर्ग में लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने वाली पहली टीम बनने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी।
लड़कियों के अंडर-19 वर्ग में भी डीपीएस आर.के. पुरम और वसंत वैली स्कूल आमने-सामने होंगे। वहीं दिन के बाद के मुकाबले में गत विजेता गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, फरीदाबाद अपने अभियान की शुरुआत नेवी स्कूल के खिलाफ करेगा।

फरीदाबाद की टीम ने पिछले वर्ष अपने पहले ही अभियान में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो बार की चैंपियन संस्कृति स्कूल को फाइनल में पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से हराकर खिताब जीता था। अब टीम नेवी स्कूल के खिलाफ जीत के साथ अपने खिताब की रक्षा की शुरुआत करना चाहेगी। लड़कों के अंडर-17 वर्ग में वेंकटेश्वर इंटरनेशनल स्कूल का मुकाबला नेवी स्कूल से होगा, जबकि मॉडर्न स्कूल का सामना संस्कृति स्कूल से और डीपीएस वसंत कुंज का मुकाबला देव समाज मॉडर्न स्कूल से होगा।

लड़कियों के अंडर-19 वर्ग में भी मॉडर्न स्कूल और संस्कृति स्कूल एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगे।
मैदान पर रोमांचक मुकाबलों के अलावा, ओरिएंटल कप का चौथा संस्करण युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इस वर्ष टूर्नामेंट की कुल पुरस्कार राशि पिछले संस्करण की तुलना में दोगुनी से अधिक कर दी गई है, जो अब तक के इतिहास में सबसे अधिक है। साथ ही, 10 प्रतिभाशाली छात्र-खिलाड़ियों के लिए 2.5 लाख रुपये की छात्रवृत्ति योजना भी शुरू की गई है, जिससे युवा फुटबॉलरों को मैदान के भीतर और बाहर बेहतर अवसर मिल सकें।

.....

Next Post

भारत ने अंडर 20 एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप में चार गोल्ड और कुल 20 मेडल जीते

Mon Jul 6 , 2026
पटाया (थाईलैंड), 06 जुलाई, (वार्ता) रविवार को खत्म हुए इस कॉन्टिनेंटल टूर्नामेंट में भारतीय पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-20 एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप में कुल 20 मेडल जीते। इन मेडल्स में चार गोल्ड, सात सिल्वर और नौ ब्रॉन्ज़ शामिल थे, जो तीनों कैटेगरी (महिला रेसलिंग, पुरुष फ्रीस्टाइल और ग्रीको-रोमन) […]

You May Like