जबलपुर: कोतवाली थाना अंतर्गत खटीक मोहल्ला में एक व्यापारी के कर्मचारी का पीछा कर रहे बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में चलती गाड़ी से सिगरेट का 63,500 रूपये कीमती का बंडल उड़ा दिया। जब पीड़ित ने हिम्मत दिखाकर उन्हें पकड़ने की कोशिश की, तो बदमाश उसे जान से मारने की धमकी देते हुए अपने साथी के साथ एक्टिवा पर सवार होकर रफूचक्कर हो गए।
पुलिस ने बताया कि माढ़ोताल के ग्राम मंगेला निवासी राजेंद्र कुमार चक्रवर्ती (45) गलगला स्थित ऋषभ स्टोर में पिछले 15-20 साल से काम कर रहा हैं। राजेंद्र अपनी टीवीएस एक्सेल मोपेड पर सिगरेट के तीन भारी बंडल पीछे रस्सी से बांधकर विजयनगर स्थित ‘रागी पान मसाला’ दुकान पर डिलीवरी देने निकले थे।
राजेंद्र जैसे ही खटीक मोहल्ला पहुंचे, तभी पीछे से घात लगाकर आए एक शातिर बदमाश ने चलती मोपेड पर बंधे बंडलों की रस्सी खोल दी। आरोपी ने पलक झपकते ही 63,500 की कीमत का सिगरेट का एक पूरा बंडल निकाल लिया और भागने लगा। राजेंद्र ने तुरंत अपनी गाड़ी किनारे खड़ी की और चोर को पकड़ने के लिए पीछे दौड़े। खुद को घिरता देख बदमाश राजेंद्र को डराने-धमकाने लगा।
एक्टिवा स्टार्ट कर खड़ा था साथी
वारदात को अंजाम देने के लिए बदमाशों ने पहले से पूरी प्लानिंग कर रखी थी। मुख्य आरोपी से कुछ ही दूरी पर उसका एक अन्य मददगार साथी एक्टिवा स्कूटर स्टार्ट करके खड़ा था। जैसे ही पहला आरोपी सिगरेट का बंडल लेकर राजेंद्र को धमकाते हुए पीछे हटा, वह तुरंत चालू एक्टिवा पर पीछे बैठा और दोनों पलक झपकते ही आंखों से ओझल हो गए। पुलिस ने राजेंद्र चक्रवर्ती की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब वारदात के रूट पर लगे सभी शासकीय और निजी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
