मूसलाधार बारिश से पूरा शहर हुआ पानी पानी,निचली बस्तियों में घुसा पानी 

छिंदवाड़ा। शहर में रविवार को मानसून ने जोरदार दस्तक दी। सुबह बादलों के भीतर सूर्यदेव आंख मिचैली खेल रहे थे, लेकिन करीब दो से तीन घंटे तक बनी उमस ने लोगों का हाल-बेहाल कर दिया। इसके बाद लगभग 11 बजे अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना, बिजली की चमक के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। करीब डेढ़ से दो घंटे तक लगातार हुई बारिश ने पूरे शहर को तरबतर कर दिया। मानसून की पहली तेज बारिश से जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली, वहीं कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन गई।

बारिश के दौरान शहर की प्रमुख सड़कों सहित कई मोहल्लों में पानी भर गया। नालियों का पानी सड़कों पर आ गया, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर जल निकासी की व्यवस्था कमजोर होने के कारण पानी देर तक जमा रहा। निचली बस्तियों में हालात अधिक खराब रहे, जहां बारिश का पानी कई घरों में घुस गया। घरों में पानी भरने से लोगों का घरेलू सामान भी भीग गया। प्रभावित परिवार बाल्टियों और मोटरों की मदद से घरों के अंदर घुसे पानी को निकालते नजर आए।

लगातार हुई बारिश से शहर के आसपास के नदी-नाले भी उफान पर आ गए। तेज बहाव के चलते प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के पास नहीं जाने की अपील की। कई छोटे पुल-पुलियों पर पानी बहने से आवागमन भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।

किसानों के चेहरों में आई खुशी 00000000

हालांकि शहर में जलभराव ने लोगों की परेशानी बढ़ाई, लेकिन किसानों के लिए यह बारिश किसी सौगात से कम नहीं रही। लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरों पर पहली मानसूनी बारिश के बाद खुशी साफ दिखाई दी। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार यह बारिश खरीफ फसलों की बुवाई के लिए बेहद लाभदायक साबित होगी। खेतों में पर्याप्त नमी आने से धान, सोयाबीन, मक्का, उड़द और मूंग जैसी फसलों की बुवाई में तेजी आएगी। जिन किसानों ने पहले ही बुवाई कर दी थी, उनकी फसलों के अंकुरण के लिए भी यह बारिश काफी लाभकारी मानी जा रही है। इससे सिंचाई पर होने वाला अतिरिक्त खर्च भी कम होगा।

मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी मानसून सक्रिय रहने की संभावना है और क्षेत्र में अच्छी बारिश का दौर जारी रह सकता है। पहली ही जोरदार बारिश ने जहां शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी, वहीं किसानों के लिए बेहतर कृषि सीजन की उम्मीद भी जगा दी है।

Next Post

काल भैरव में दर्शन टिकट से 45 दिनों में 3 करोड़ से अधिक की आय  

Sun Jul 5 , 2026
उज्जैन। प्रसिद्ध काल भैरव मंदिर में 500 रुपए की दर्शन टिकट से मंदिर समिति को हाल ही के 45 दिनों के दौरान 3 करोड़ रुपए से अधिक की आय हुई है। महाकाल के बाद दर्शन टिकट से कमाई करने वाला कालभैरव शहर का दूसरा सबसे बड़ा मंदिर बन गया है। […]

You May Like