ग्वालियर:रेलवे प्रशासन ने बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। रेल मंडल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के निर्देशन में आज ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर विभिन्न ट्रेनों में एक विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के दौरान बिना टिकट, अनियमित यात्रा और अनाधिकृत सामान ले जाने वाले 102 यात्रियों से कुल 87 हजार 700 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, इस व्यापक अभियान के तहत टिकट जांच स्टाफ ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्मों और ट्रेनों में सघन चेकिंग की। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। साथ ही रेल परिसर में गंदगी फैलाने वालों पर भी विशेष निगरानी रखी गई। अचानक चले इस सघन जांच अभियान से बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों में हड़कंप मचा रहा।
इन अधिकारियों की रही मुख्य भूमिका
इस अभियान को सफल बनाने में मुख्य टिकट निरीक्षक विकास श्रीवास्तव, अजेन्द्र कुमार, रविन्द्र जातव, रामनिवास मीना और रामकेश मीना सहित समस्त टिकट जांच स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना टिकट और अनियमित यात्रा के विरुद्ध इस तरह के विशेष जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें।
