नयी दिल्ली, 04 जुलाई (वार्ता) कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शनिवार को गोवा दौरे के दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं और कांग्रेस नेताओं के साथ एक-एक कर विस्तृत बैठकें कीं। इसके बाद पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएस) की बैठक आयोजित कर राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालात और आगामी विधानसभा चुनावों के लिए संगठन की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक के बाद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि गोवा में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत बनाने और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि पार्टी राज्य में भाजपा के खिलाफ एक मजबूत और प्रभावी अभियान चलाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
श्री वेणुगोपाल ने विश्वास जताया कि आने वाले महीनों में कांग्रेस एकजुटता और दृढ़ संकल्प के साथ काम करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन के सभी नेता और कार्यकर्ता मिलकर 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की शानदार जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से मैदान में उतरेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी का पूरा ध्यान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने और भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जनआंदोलन को तेज करने पर रहेगा। कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि एकजुट संगठन और मजबूत चुनावी तैयारी के दम पर पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी।

